जंडियाला गुरु/अमृतसर , मार्च 05 -- पंजाब में जिला अमृतसर के जंडियाला गुरु के बीडीपीओ कार्यालय में गुरुवार को ब्लॉक समिति के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव संपन्न हुआ। इसमें अमरीक सिंह सोढ़ी देवीदासपुरा को सर्वसम्मति (निर्विरोध) से अध्यक्ष और रविंदर सिंह को उपाध्यक्ष चुना गया।

गौरतलब है कि जंडियाला गुरु ब्लॉक समिति के कुल 25 सदस्यों में से 21 सदस्य आम आदमी पार्टी से संबंधित हैं।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि ब्लॉक समिति चुनावों में जनता ने आम आदमी पार्टी को भारी बहुमत दिया था और यह जीत असल में आम जनता की जीत है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने अपने चार साल के कार्यकाल के दौरान जनता से की गई सभी गारंटियों को पूरा किया है। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि जल्द ही महिलाओं को 1000 रूपये प्रति माह देने का वादा भी पूरा किया जा रहा है। मान सरकार पूरे राज्य में 45,000 किलोमीटर सड़कों का निर्माण कर रही है।

अध्यक्ष अमरीक सिंह सोढ़ी और उपाध्यक्ष रविंदर सिंह ने कहा कि पार्टी ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे वे पूरी ईमानदारी से निभाएंगे। उन्होंने संकल्प लिया कि उनकी प्राथमिकता गांवों का सर्वांगीण विकास करना होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित