, Feb. 3 -- लंदन, 03 फरवरी (वार्ता/शिन्हुआ) ब्रिटेन ने ईरान के गृह मंत्री सहित 10 लोगों और एक संगठन पर प्रतिबंधों का एक नया पैकेज लगा दिया है।
ब्रिटेन के विदेश मंत्रालय की ओर से सोमवार को जारी बयान के अनुसार, ईरान में हालिया प्रदर्शनों में 'मानवाधिकारों के उल्लंघन' में शामिल लोगों केखिलाफ ये प्रतिबंध लगाये गये हैं।
बयान के अनुसार, जिन लोगों पर प्रतिबंध लगाये गये हैं, उनमें ईरान के गृह मंत्री इस्कंदर मोमेनी, लोरिस्तान प्रांत के पुलिस प्रमुख मोहम्मद रजा हाशिमीफ़र, सार्वजनिक सुरक्षा पुलिस प्रमुख सैयद माजिद फ़ैज़ जाफ़री, इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) में फ़ार्स प्रांत के कमांडर यादोल्लाह बौअली, साथ ही कई अन्य सैन्य और न्यायिक कर्मी शामिल हैं।
बयान में कहा गया है कि ब्रिटेन पहले ही ईरानी व्यक्तियों और संगठनों पर 550 से अधिक संबंधित प्रतिबंध लगा चुका है, जिसमें पूरे आईआरजीसी पर भी प्रतिबंध शामिल है। इससे पहले अमेरिका और यूरोपीय संघ भी हाल के दिनों में ईरान पर सामान्य प्रतिबंध लगा चुके हैं।
उल्लेखनीय है कि ईरानी रियाल के तेज़ी से गिरने के कारण प्रशासन के खिलाफ दिसंबर के आखिर में शुरू हुए प्रदर्शन हफ़्तों तक चले थे। शुरू में शांतिपूर्ण रहे ये प्रदर्शन झड़पों में बदल गये, जिससे जान-माल का नुकसान हुआ और मस्जिदों, सरकारी इमारतों और बैंकों सहित सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचा।
तेहरान ने इस अशांति के लिए अमेरिका और इज़रायल को दोषी ठहराया है। यूरोपीय संसद द्वारा अपनाये गये ईरान विरोधी प्रस्ताव के जवाब में, ईरान ने इसे 'हस्तक्षेप' बताते हुए इसकी निंदा की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित