, April 14 -- लंदन, 14 अप्रैल (स्पुतनिक/वार्ता) ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने लेबनान पर इजराइली हमलों को समाप्त करने और लेबनान को पश्चिम एशिया युद्धविराम में शामिल करने का आह्वान किया है।

श्री स्टार्मर ने ब्रिटिश संसद में कहा, "हम मांग करते हैं कि लेबनान को तत्काल युद्धविराम में शामिल किया जाए। हिजबुल्लाह को निशस्त्रीकरण करना चाहिए, लेकिन मैं इस बात पर भी पूरी तरह स्पष्ट हूं कि इजरायल के हमले गलत हैं। इनके विनाशकारी मानवीय परिणाम हो रहे हैं और ये लेबनान को संकट की ओर धकेल रहे हैं। बमबारी अब रुकनी चाहिये।"श्री स्टार्मर ने ईरानी सभ्यता के विनाश के बारे में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टिप्पणियों को गलत बताया। उन्होंने कहा, "सभ्यता को नष्ट करने वाली भाषा के संबंध में, क्या मैं इस सदन के सामने पूरी स्पष्टता रख सकता हूं? वह गलत था। ईरानी नागरिकों को उस तरह से धमकी देना गलत है।"इजरायल और लेबनान में शिया आंदोलन हिजबुल्लाह के बीच तनाव 2 मार्च की रात को शुरू हुआ, जब क्षेत्रीय स्थिति में भारी गिरावट के बीच लेबनानी आंदोलन ने इजरायली क्षेत्र पर मिसाइल हमले फिर से शुरू कर दिये। इजरायल ने इसके जवाब में लेबनान पर बड़े पैमाने पर हमले किये और 16 मार्च को दक्षिणी लेबनान में जमीनी अभियान शुरू करने की घोषणा की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित