नयी दिल्ली , फरवरी 17 -- ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज़ इनासियो लूला दा सिल्वा बुधवार को भारत की पांच यात्रा पर यहां पहुंच रहे हैं और इस दौरान वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय रणनीतिक समझौते करेंगे।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार श्री दा सिल्वा भारत की सरकारी यात्रा पर आएंगे और वह भारत-ब्राजील रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने के लिए वार्ता करेंगे। इस वार्ता में रक्षा, व्यापार, ऊर्जा, कृषि और स्वास्थ्य क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। राष्ट्रपति दा सिल्वा के इस दौरे के दौरान ऊर्जा, नागरिक उड्डयन, महत्वपूर्ण खनिज और फार्मास्यूटिकल्स जैसे क्षेत्रों में कई समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है।

राष्ट्रपति दा सिल्वा अपनी भारत यात्रा के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मिलेंगे। बताया जा रहा है कि राष्ट्रपति ने इस दौरान उनके सम्मान में भोज का आयोजन भी करेंगी। श्री दा सिल्वा इस दौरान उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन और विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर से भी मुलाकात करेंगे।

सूत्रों ने यह भी बताया कि ब्राजील के राष्ट्रपति इस दौरान भारतीय पर्यटकों के लिए 10 साल का बहु-प्रवेश वीजा शुरू करने और दोनों देशों के बीच व्यापार वीजा नियमों को सरल बनाने को लेकर भी समझौता कर सकते हैं। इस समझौते से भारतीय पर्यटकों को ब्राजील में बहु प्रवेश की अनुमति दी जा सकती है।

आधिकारिक सूत्रों ने यह भी बताया कि श्री दा सिल्वा 19-20 फरवरी को यहां चल रहे भारत-एआई इम्पैक्ट शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे और 21 फरवरी को प्रधानमंत्री मोदी के साथ वार्ता करेंगे। ब्राज़ील के राष्ट्रपति लगभग 14 कैबिनेट मंत्रियों और 200 से अधिक व्यापारिक नेताओं सहित एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ भारत यात्रा पर आ रहे हैं। ब्राजील के किसी नेता की यह अब तक की सबसे बड़ी ब्राज़ीलियाई प्रतिनिधिमंडल यात्रा होगी। राष्ट्रपति और उनके साथ आए व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल निवेश और वाणिज्यिक एकीकरण को बढ़ावा देने पर चर्चा करने के लिए ब्राज़ील-भारत व्यापार मंच में भाग लेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित