मथुरा , मार्च 3 -- ब्रज की होली इस वर्ष नया कीर्तिमान स्थापित करती नजर आ रही है। लड्डू होली से प्रारंभ हुआ रंगोत्सव अब विराट जनसैलाब में बदल चुका है। पुलिस-प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार अब तक मथुरा जनपद के विभिन्न होली आयोजनों में लगभग 44 लाख श्रद्धालु शामिल हो चुके हैं। सबसे अधिक भीड़ वृंदावन में देखने को मिली। 27 फरवरी को अकेले वृंदावन में करीब 22 लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन और परिक्रमा की। वहीं बरसाना में 24 फरवरी को लड्डू होली में लगभग 3 लाख तथा 25 फरवरी को लठामार होली में 8 लाख श्रद्धालु पहुंचे। नंदगांव में 26 फरवरी को करीब 2 लाख लोगों ने लठामार होली का आनंद लिया। शनिवार और रविवार को मिलाकर लगभग 5.5 लाख श्रद्धालु ब्रज के विभिन्न मंदिरों में दर्शनार्थ पहुंचे। होली उत्सव अभी जारी है। 4 मार्च को बरसाना में श्रीजी राधा रानी की 'सफेद छतरी' के दर्शन होंगे, जिसके लिए भारी भीड़ की संभावना है। पांच मार्च को बलदेव स्थित दाऊजी मंदिर में विश्व प्रसिद्ध 'दाऊजी का हुरंगा' आयोजित होगा। देवर-भाभी की अनोखी होली देखने देश-विदेश से श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और जिलाधिकारी लगातार संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण कर रहे हैं। 4 और 5 मार्च के आयोजनों के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित