मथुरा , अप्रैल 23 -- उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की वर्ष 2026-27 की प्रस्तावित विकास योजनाओं पर गुरुवार को जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ हुई बैठक में करीब 274 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई। परिषद सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता प्रदेश के गन्ना मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने की, जबकि परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्रा विशेष रूप से उपस्थित रहे। परिषद की सीईओ लक्ष्मी नागप्पन ने बताया कि ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा मार्ग के जाव, करहला और शेरगढ़ स्थित पड़ाव स्थलों पर बाउंड्री वॉल और प्रवेश द्वार निर्माण प्रस्तावित है।

उन्होंने बताया कि गोवर्धन के निकट यमुनावता गांव में लगभग 45 करोड़ रुपये तथा राधाकुंड के छटीकरा मोड़ पर करीब 65 करोड़ रुपये की लागत से पर्यटक सुविधा केंद्र (टीएफसी) निर्माण के प्रस्ताव शासन को भेजे जा रहे हैं। इसके अलावा कंस किले के पीछे के हिस्से का पुनरुद्धार, मसानी क्षेत्र में पार्किंग विकास, हंसरानी घाट का सौंदर्यीकरण तथा ब्रज के 36 पौराणिक वनों के संरक्षण एवं पुनर्स्थापन जैसे कार्य भी योजना में शामिल हैं।

बैठक में जवाहर बाग क्षेत्र में वेटलैंड विकसित करने, नंदगांव में रोपवे निर्माण, गोकुल परिक्रमा मार्ग सुधार तथा नंद भवन के पीछे प्राचीन घाट के पुनरुद्धार जैसे प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई। साथ ही सौंख टीला को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने और गोविंद नगर क्षेत्र में उत्खनन स्थल के संरक्षण की योजना प्रस्तुत की गई।

मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने निर्देश दिया कि बलदेव क्षेत्र में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए वहां विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाए। इस क्रम में यमुना के सैंतरी और कंजौली घाटों के निर्माण व सौंदर्यीकरण, स्मार्ट रोड निर्माण तथा यमुना एक्सप्रेसवे पर इंटरचेंज के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई।

बैठक में यह भी बताया गया कि ब्रज चौरासी कोस अंतर्वेदी परिक्रमा के लिए लगभग 6000 करोड़ रुपये का प्रस्ताव केंद्र सरकार के परिवहन विभाग में लंबित है। आगामी 17 मई से शुरू होने वाली अधिक मास परिक्रमा को देखते हुए पड़ाव स्थलों पर पेयजल, शौचालय और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है।

बैठक में महापौर विनोद अग्रवाल, राज्यसभा सदस्य तेजवीर सिंह, विधायक मेघश्याम सिंह, विधायक ओम प्रकाश सिंह, सांसद प्रतिनिधि जनार्दन शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित