जयपुर , मार्च 16 -- राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की राजसमंद इकाई ने सोमवार को ब्यावर में सहायक अभियंता को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया।

ब्यूरो के पुलिस महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि एसीबी को एक शिकायत इस आशय की मिली कि ब्यावर जिले की रायपुर पंचायत समिति में सहायक अभियंता (अतिरिक्त प्रभार- सहायक अभियंता, कार्यालय महिला एवं बाल विकास विभाग, खण्ड रायपुर) प्रदीप कुमार परिवादी के लंबित बिलों की मेजरमेंट बुक (एमबी) भरने की एवज में 21 हजार रुपये की रिश्वत की मांग करके परेशान कर रहा है।

इस पर एसीबी की राजसमंदर इकाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिम्मत चारण के नेतृत्व में गठित ब्यूरो के दल ने जाल बिछाकर सहायक अभियंता प्रदीप कुमार को परिवादी से 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित