भरतपुर , दिसम्बर 27 -- राजस्थान में ब्याबर के जिला कलक्टर कमल राम मीना शनिवार को साइबर ठगों के निशाने पर आ गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ठगों ने श्री मीना के नाम से उनका फोटो लगाकर एक फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाकर उनके निकटतम मित्रों को संदेश भेजे हैं, जिसमे केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के संतोष नामक अधिकारी के घर के सामान को सस्ते में खरीदने की सिफारिश की गयी है।
आरएएस अधिकारी के रूप मे लम्बे समय तक भरतपुर में अपनी सेवाएं दे चुके कमलराम मीना के भरतपुर निवासी मित्रों को यह संदेश मिलने के बाद जब उन्होंने श्री मीना से सम्पर्क किया तो पता चला कि किसी साइबर ठग ने उनके नाम का गलत स्तेमाल कर ऐसा किया है। मामले के खुलासे के बाद श्री मीना ने यूनीवार्ता को बताया कि उन्होंने अपने सभी मित्रों एवं परिचितों को सतर्कता बरतने के सन्देश भेजे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित