कुशीनगर , अप्रैल 18 -- उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में पडरौना-रामकोला मुख्य मार्ग पर शनिवार अपराह्न करीब तीन बजे हुए भीषण सड़क हादसे में तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
पुलिस ने बताया कि रामकोला थाना क्षेत्र के ग्राम कुस्महा निवासी मनोज (35) अपने परिचित के ससुर मोतीलाल (60) को देखने रामकोला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गए थे। उपचार के बाद चिकित्सकों ने मोतीलाल को छुट्टी दे दी। इसके बाद मनोज अपनी मोटरसाइकिल से मोतीलाल एवं उनकी बहू तनुष्का पत्नी दिलीप को लेकर घर लौट रहे थे। जैसे ही वे पडरौना-रामकोला मार्ग पर होटल पार्थ के पास पहुंचे, पीछे से आ रही तेज रफ्तार अज्ञात बोलेरो ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मनोज और मोतीलाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तनुष्का गंभीर रूप से घायल हो गईं।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पडरौना पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
कोतवाल ओमप्रकाश तिवारी ने बताया कि घायल महिला को तत्काल मेडिकल कॉलेज कुशीनगर भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित