धार , फरवरी 3 -- माध्यमिक शिक्षा मंडल मध्यप्रदेश की बोर्ड परीक्षाएं 10 फरवरी से प्रारंभ हो रही हैं। परीक्षाओं को लेकर जहां विद्यार्थी तैयारी में जुटे हुए हैं, वहीं धार जिले के वार्षिक परीक्षा परिणाम को बेहतर बनाए रखने के लिए शिक्षा विभाग द्वारा भी विभिन्न स्तरों पर प्रयास किए जा रहे हैं।
जिले में बोर्ड परीक्षाओं के लिए कुल 105 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें कुछ निजी स्कूलों को भी परीक्षा केंद्र के रूप में शामिल किया गया है। वहीं 9 संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर अतिरिक्त व्यवस्थाएं की गई हैं। कक्षा 10वीं में स्वाध्यायी एवं नियमित मिलाकर 25 हजार 185 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे, जबकि कक्षा 12वीं में 17 हजार 799 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। इस तरह कुल 42 हजार 994 विद्यार्थी बोर्ड परीक्षाओं में बैठेंगे। गत वर्ष की तुलना में इस बार विद्यार्थियों की संख्या में कमी दर्ज की गई है। पिछले वर्ष 47 हजार 143 विद्यार्थियों ने बोर्ड परीक्षा दी थी।
प्रत्येक परीक्षा केंद्र के लिए एक शासकीय अधिकारी को प्रभारी नियुक्त किया गया है तथा विभाग की ओर से केंद्राध्यक्ष भी बनाए गए हैं। कक्षा 10वीं की परीक्षाएं 10 फरवरी से और कक्षा 12वीं की परीक्षाएं 11 फरवरी से प्रारंभ होंगी।
जनवरी माह में प्री-बोर्ड परीक्षाएं आयोजित की गई थीं। जिले की विशिष्ट शैक्षणिक संस्थाओं के परिणामों का अवलोकन करने पर कक्षा 12वीं में स्थिति संतोषजनक रही, जबकि कक्षा 10वीं का औसत परिणाम लगभग 60 से 65 प्रतिशत के बीच रहा है। मुख्य परीक्षा को ध्यान में रखते हुए तैयारियां और तेज कर दी गई हैं। हालांकि एसआईआर सर्वे के दौरान विषयवार शिक्षकों की ड्यूटी लगाए जाने से ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों में करीब एक माह तक शिक्षण कार्य प्रभावित रहा।
बोर्ड परीक्षा परिणामों को बेहतर बनाने और विद्यार्थियों की शंकाओं के समाधान के लिए विषयवार व्हाट्सएप ग्रुप बनाए गए हैं। इन ग्रुपों में अनुभवी शिक्षक जुड़े हुए हैं, जो विद्यार्थियों के कठिन प्रश्नों का सरल तरीके से समाधान कर रहे हैं। इसके अलावा शिक्षा विभाग द्वारा पूर्व वर्षों की परीक्षाओं में पूछे गए प्रश्नों को संकलित कर प्रश्न बैंक तैयार कराया गया है। यह प्रश्न बैंक सॉफ्ट एवं हार्ड कॉपी के माध्यम से विद्यार्थियों को उपलब्ध कराया गया है, जिसके आधार पर विद्यार्थी अपनी तैयारी कर रहे हैं।
बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर परिणाम को प्रोत्साहित करने के लिए शासन की ओर से 75 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों को लैपटॉप और स्कूटी प्रदान करने की योजना भी संचालित की जा रही है। प्री-बोर्ड परीक्षाओं के परिणामों ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को मुख्य परीक्षा के लिए दिशा प्रदान की है। पिछले दो वर्षों के परीक्षा परिणामों पर नजर डालें तो वर्ष 2023-24 में जिले का बोर्ड परीक्षा परिणाम 55.38 प्रतिशत रहा था, जबकि वर्ष 2024-25 में 20.97 प्रतिशत की वृद्धि के साथ यह 76 प्रतिशत तक पहुंच गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित