उज्जैन , अप्रैल 10 -- मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले की बड़नगर तहसील के झलारिया गांव में बोरवेल में गिरे तीन वर्षीय मासूम को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए प्रशासन द्वारा लगातार रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार गुरुवार देर शाम यह हादसा उस समय हुआ, जब मासूम खेत में खेलते-खेलते खुले पड़े बोरवेल में गिर गया। घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और प्रशासन ने तत्काल बचाव कार्य शुरू कर दिया।

कलेक्टर रौशन कुमार सिंह के नेतृत्व में चल रहे रेस्क्यू अभियान में एसडीएम बड़नगर, एसडीओपी, पुलिस, फायर ब्रिगेड और होमगार्ड की टीमें मौके पर मौजूद हैं। बोरवेल की गहराई और स्थिति को देखते हुए सावधानीपूर्वक प्रयास किए जा रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार बच्चा भागीरथ (3) पिता प्रवीण है, जो राजस्थान के पाली से भेड़ चराने आए गडरियों के समूह के साथ यहां आया था। खेलते समय वह खुले बोरवेल में गिर गया। परिजनों के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर एकत्र हुए और प्रशासन को सूचना दी गई।

प्रशासन द्वारा आवश्यक संसाधन जुटाकर मासूम को जल्द सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद हैं और सभी की नजरें रेस्क्यू अभियान पर टिकी हुई हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित