बोकारो , दिसंबर 15 -- झारखंड में बोकारो जिले के हरला थाना क्षेत्र से विगत10 दिसंबर को अपहृत जयंत सिंह की हत्या के बाद आरोपियों ने उसका शव गिरिडीह जिले के पीरटांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत जलेबिया घाटी में फेंक दिया था, जहां से पुलिस ने शव बरामद किया है।
सिटी के पुलिस उपाधीक्षक आलोक रंजन ने आज यहां बताया कि इस मामले छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि उक्त कार्रवाई आरोपियों की निशानदेही पर बोकारो और गिरिडीह पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई। इस मामले में जयंत की पत्नी द्वारा हरला थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी, जिसमें विनोद कुमार उर्फ विनोद खोपड़ी और मुकेश राय को आरोपी बनाया गया था। पुलिस की तफ्तीश के दौरान मामले में संलिप्तता पाए जाने पर विनोद खोपड़ी सहित कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
सिटी डीएसपी आलोक रंजन ने शव बरामद होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और सभी पहलुओं की गहन जांच जारी है। घटना के खुलासे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित