बोकारो , मार्च 09 -- झारखंड में बोकारो जिले के सिविल कोर्ट को साइनाइड बम से उड़ा देने की धमकी मिलने के बाद यहां हड़कंप मच गया।

धमकी भरे इस मेल में दावा किया गया कि परिसर में 14 साइनाइड बम लगाए गए हैं और दोपहर एक बजे तक पूरा इलाका खाली न करने पर विस्फोट हो जाएगा।

पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि के रजिस्ट्रार के आधिकारिक ईमेल पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और तमिलनाडु का भी उल्लेख होने से मामला और संवेदनशील हो गया है। सूचना मिलते ही पुलिस - प्रशासन फौरन कमर कस ली। सुबह करीब 09 बजे न्यायिक पदाधिकारी के जरिए पुलिस को खबर मिली, तो एहतियातन पूरा कोर्ट परिसर खाली करा दिया गया। आसपास के इलाकों में बैरिकेडिंग लगा दी गई, अनावश्यक आवाजाही रोक दी गई और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए।

बोकारो के पुलिस अधीक्षक (एसपी) हरविंदर सिंह ने बताया, "धमकी की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई की गई। जिला स्तर की टीमें और रांची से बुलाई गई जगुआर स्क्वाड सघन तलाशी ले रही हैं।

प्रारंभिक जांच में किसी ठोस लिंक की पुष्टि नहीं हुई है। ईमेल की तकनीकी जांच चल रही है, ताकि ई मेल भेजने वाले की लोकेशन और पहचान उजागर हो सके। रांची एटीएस के एसपी को भी सूचित किया गया है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए रांची से जगुआर स्क्वाड की विशेष टीम बुलाई गई है। जिला प्रशिक्षित जवान और अधिकारी मिलकर पूरे कोर्ट परिसर की छानबीन कर रहे हैं। एसपी हरविंदर सिंह ने कहा, "हर संभावित जगह की गहन जांच हो रही है। बैरिकेडिंग से भीड़ नियंत्रण सुनिश्चित किया गया है।" फिलहाल कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, लेकिन सर्च ऑपरेशन जारी है।

धमकी की खबर फैलते ही आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। कोर्ट परिसर के निकट रहने वाले लोग चिंतित हैं। प्रशासन ने अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें। अधिकारियों का कहना है कि हर पहलू से जांच चल रही है और दोषी को जल्द पकड़ा जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित