बोकारो , जनवरी 12 -- झारखंड में बोकारो जिले के बेरमो थाना क्षेत्र के फुसरो बाजार स्थित कश्मीर क्लॉथ स्टोर मे बीते रात्रि लगी भीषण आग से एक व्यक्ति की मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि स्टोर का मालिक अख्तर हुसैन (85) बुरी तरह झुलस गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। परिवारजन के अनुसार, मंजूर हुसैन उर्फ जिया के पिता अख्तर हुसैन घटना के वक्त घर में थे। अचानक शॉर्ट सर्किट से आग भड़क उठी। पड़ोसी और परिजन उन्हें बाहर निकालने पहुंचे, लेकिन तब तक वे गंभीर रूप से जल चुके थे। उन्हें तत्काल केंद्रीय अस्पताल ढोरी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बेरमो थाना प्रभारी रोहित कुमार सिंह सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग का कारण बताया जा रहा है। परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित