बोकारो , मार्च 03 -- झारखंड में बोकारो जिले के चास और चास मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में दो शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि पहला शव जोधामोड़ के पास एक निर्माणाधीन अपार्टमेंट की पानी की टंकी से संत कुमार नामक ठेका कर्मी का मिला।

परिजनों का आरोप है कि संत कुमार मंतोष सिंह के पिता का अंतिम संस्कार करने वाराणसी गए थे। वहां पहुंचने के बाद उनका मोबाइल फोन बंद हो गया। जब परिवार ने साथ गए लोगों से संपर्क किया तो कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला। अनहोनी की आशंका में परिजन थाना पहुंचे, लेकिन दो दिन बाद जो सच्चाई सामने आई, उसने सबको झकझोर दिया।

शव मिलने की खबर फैलते ही आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने हत्या का आरोप लगाते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया। मौके पर चास थाना प्रभारी सुषमा कुमारी समेत कई थानों की पुलिस पहुंची और लोगों को शांत कराने में जुट गई।

पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। शव का अंत परीक्षण रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।

दूसरा शव चास मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बेलुंजा गांव निवासी 45 वर्षीय काशीनाथ रजवार का शव सियालजोरी थाना क्षेत्र के वृन्दावन गांव के पास सड़क किनारे गड्ढे में पड़ा मिला। पेशे से प्लंबर मिस्त्री काशीनाथ आठ दिनों से लापता थे। ग्रामीणों ने बताया कि रास्ते के पास से दुर्गंध आने लगी तो गड्ढे में शव दिखा। तत्काल चास मुफस्सिल थाना और सियालजोरी थाना पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और अंत परीक्षण के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध लग रहा है। थाना प्रभारी ने बताया, "पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित