बोकारो , फरवरी 03 -- झारखंड में बोकारो जिले के पेटारबार थाना पुलिस ने क्षेत्र के चरगी पंचायत, रुकम गांव में भारत माला प्रोजेक्ट के तहत सड़क निर्माण कंपनी के वाहन चालक को नाबालिग आदिवासी लड़की के साथ दुष्कर्म के आरोप मे गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि आरोपी को पॉक्सो एक्ट के तहत गिरफ्तार कर तेनुघाट जेल भेज दिया गया है। पेटारवार सर्कल इंस्पेक्टर शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी जीतेंद्र यादव रोहतास, बिहार का निवासी है। वह कंपनी के वाहन चालक था और भुक्तभोगी के कुएं से पानी भरता था। लड़की के माता-पिता दिहाड़ी मजदूर हैं।

मंगलवार को घर के बाहर खेल रही लड़की को मौका देखकर आरोपी ने घटना को अंजाम दिया। काम से लौटे माता-पिता को लड़की ने रोकर घटना की जानकारी दी। पूछताछ पर उसने पूरी घटना बता दी। कंपनी में कार्यरत सभी ड्राइवरों को बुलाकर लड़की से पहचान कराई गई, जिसमें उसने जीतेंद्र यादव को आरोपी बताया। उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तारी कर ली गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित