बोकारो , फरवरी 22 -- झारखंड के बोकारो पुलिस ने आगामी होली पर्व से पूर्व अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत छापेमारी कर 10 लाख की नकली विदेशी शराब बरामद कर एक लोग को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि बोकारो के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अति उग्रवाद चतरोचट्टी थाना क्षेत्र में की गई छापेमारी में भारी मात्रा में अवैध नकली विदेशी (अंग्रेजी) शराब बरामद की गई है। इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

थाना प्रभारी चतरोचट्टी को गुप्त सूचना मिली थी कि ग्राम नरकण्डी में टॉवर के समीप स्थित सोना महतो के एसबेस्टर से बने मकान में बड़ी मात्रा में नकली विदेशी शराब छिपाकर रखी गई है। सूचना को वरीय अधिकारियों से साझा कर छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो मकान मालिक सोना महतो से पूछताछ की गई। उन्होंने बताया कि संबंधित कमरा संतोष महतो, निवासी बेडम, थाना आंगो, जिला हजारीबाग को किराये पर दिया गया है।

मकान मालिक की मौजूदगी में कमरे की तलाशी ली गई, जहां से विभिन्न ब्रांड की कुल 2688 पीस विदेशी शराब बरामद की गई। बरामद शराब की कुल मात्रा लगभग 793 लीटर आंकी गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस ने 50 वर्षीय सोना महतो, निवासी नरकण्डी, थाना चतरोचट्टी, जिला बोकारो को गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में चतरोचट्टी थाना कांड संख्या 11/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित