बोकारो , फरवरी 03 -- झारखंड में बोकारो जिले की पुलिस ने सेक्टर-4 के तनिष्क ज्वेलरी शोरूम में विगत 11 जनवरी को दिनदहाड़े डकैती के सनसनीखेज प्रयास का खुलासा करते हुए बिहार के बेगूसराय से दो हथियारबंद अपराधियों को एक पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि शेष पांच फरार बदमाशों की तलाश जारी है। घटना 11 जनवरी शाम करीब चार बजे सेक्टर-4 सिटी सेंटर स्थित तनिष्क शोरूम में घटी थी। हथियारबंद सात अपराधियों ने धावा बोला, जिसमें दो पुलिस वर्दी में थे। एक बदमाश को शोरूम गार्ड ने संदिग्ध देख रोका, जिससे हाथापाई हुई। गार्ड की बंदूक छीनने के प्रयास में सायरन बज गया और अपराधी हथियार लहराते भाग निकले। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई।
सिटी डीएसपी के नेतृत्व में गठित टास्क फोर्स ने बिहार सहित अन्य राज्यों में छापेमारी तेज की। लगातार प्रयासों से चेरिया बरियारपुर, बेगूसराय के प्रिंस कुमार (20 वर्ष, पिता: बिरजु महतो) और मो. समशाद (24 वर्ष, पिता: मो. मुख्तार) को गिरफ्तार किया गया। अपराधियों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। गिरफ्तार प्रिंस कुमार चेरिया बरियारपुर थाने में कांड संख्या 90/24 (एनडीपीएस) और 92/24 (अर्म्स एक्ट) तथा मोहम्मद समशाद सिलीगुड़ी थाने में कांड संख्या 414/25 (तनिष्क ज्वेलर्स लूट) दर्ज है।
बोकारो के पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने आज यहां बताया कि दोनों पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अन्य सहयोगियों की पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित