बोकारो , अप्रैल 02 -- झारखंड में बोकारो पुलिस ने कुख्यात अपराधी प्रिंस खान, अमन साहू, प्रकाश शुक्ला, राहुल दुबे और मयंक सिंह गैंग से जुड़े सात अपराधियों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि बालीडीह थाना क्षेत्र के गोलमुरी पहाड़ी पर हथियार बरामदगी के दौरान मुख्य आरोपी प्रिंस गुप्ता ने पुलिस पर गोली चलाई, जिसके जवाब में पुलिस ने उसके पैर मे गोली मार दी।

पुलिस की एसआईटी टीम अपराधी प्रिंस गुप्ता को हथियार बरामदगी के लिए गोल पहाड़ी ले गई थी। तलाशी के दौरान प्रिंस गुप्ता ने गोली चलाई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। घायल प्रिंस गुप्ता को बोकारो जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने एक लोडेड देशी कट्टा, एक लोडेड पिस्टल, एक देशी कट्टा, 10 जिंदा कारतूस, दो कार्बाइन मैगजीन और मोबाइल सिम बरामद किया है।

अधिकारिक सूत्रों ने बताया कि उक्त अपराधी व्यवसायियों से रंगदारी वसूलने का काम करते थे। प्रिंस गुप्ता कॉपरेटिव कॉलोनी का निवासी है, जिसके खिलाफ 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पकड़े गए अन्य सदस्य श्याम कुमार सिंह, अजय सिंह, ओम प्रकाश पाल, जैनेन्द्र शुक्ला और भूपेंद्र सिंह आदि चास व आसपास के इलाकों में सक्रिय थे। वे फोन कॉल कर धमकी देते और नेटवर्क को मजबूत करते थे। बोकारो के पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने बताया कि प्रिंस खान पाकिस्तान में बैठा है और देशद्रोही गतिविधियों में संलिप्त है।

एसपी ने कहा कि प्रिंस गुप्ता कई कांडों में वांछित था और बड़ी घटना की साजिश रच रहा था। प्रकाश शुक्ला गैंग को बोकारो से जोड़ने में उसकी मुख्य भूमिका थी। घटनास्थल पर एसपी सहित कई थाने की फोर्स पहुंची, एफएसएल टीम ने जांच की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित