बोकारो , मार्च 16 -- झारखंड में बोकारो जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों मे हुए सड़क दुर्घटनाओं में 2 लोगों की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि बोकारो स्टील सिटी थाना क्षेत्र के उकरीद मोड़ के पास मॉर्निंग वॉक के दौरान एक महिला की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान कॉपरेटिव कॉलोनी निवासी आशा देवी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सुबह की सैर पर निकली आशा देवी अज्ञात वाहन की तेज रफ्तार के चपेट में आ गईं। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने उन्हें सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

परिजनों ने बताया कि पिछले एक महीने से आशा देवी नियमित रूप से मॉर्निंग वॉक पर जाती थीं। घटना की सूचना मिलते ही परिजन सदर अस्पताल पहुंचे । पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है और मामला दर्ज कर जांच कर रही है। स्थानीय लोगों ने सड़क पर स्पीड कंट्रोल के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

एक अन्य दुर्घटना में बोकारो के चास मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के तेलमोचो के पास देर रात ट्रक और हुंडई क्रेटा कार के बीच भीषण सड़क हादसा हो गया। जोरदार टक्कर से कार का आगे का हिस्सा का परखच्चे उड़ गया। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से जख्मी है। मृतक की पहचान देवेंद्र कुमार के रूप में हुई है। घायल व्यक्ति हरला थाना क्षेत्र के सेक्टर-9 ऑफिसर कॉलोनी का निवासी बताया जा रहा है।

मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने एक को मृत घोषित कर दिया। मृतक को ब्रेन हेमरेज हुआ था, जबकि घायल की गंभीर स्थिति देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों व्यक्ति कार में फंस गए थे। गैस कटर की मदद से उन्हें बाहर निकाला गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित