बोकारो , दिसंबर 28 -- झारखंड के बोकारो पुलिस ने घरों में चोरी की सिलसिलेवार घटनाओं को अंजाम देने वाले हॉफ पेंट गिरोह का उद्भेदन कर नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने आज यहां बताया कि गिरफ्तार कथित अपराधियों में से दो नाबालिग और दो चोरी का माल खरीदने वाले भी शामिल हैं। आरोपियों की निशानदेही पर 90 ग्राम सोना (बाजार मूल्य 10.62 लाख रुपये), 5.3 किग्रा चांदी (9.10 लाख रुपये), 52,850 रुपये नगद, मोटरसाइकिल, लैपटॉप, एलईडी टीवी, पीतल-कांसे के बर्तन, मूर्तियां और चोरी के औजार बरामद किए गए। इस कार्रवाई से चीरा चास सहित विभिन्न थानों के 44 चोरी के मामले सुलझ गए। इसी क्रम में चीरा चास थाना क्षेत्र के के.के. सिंह कॉलोनी में कुछ लोगो के घर का ताला तोड़कर घुसने की कोशिश करते कुछ चोर पाए गए।
चास के एसडीपीओ प्रवीण कुमार सिंह के नेतृत्व में छापेमारी दल ने त्वरित कार्रवाई की और मौके से 5 अपराधियों समेत दो नाबालिगों को धर दबोचा। बाद में 4 और गिरफ्तारियां हुईं। एसपी सिंह ने बताया कि गिरोह ने चीरा चास (20 मामले), सहित बालीडीह ओपी, बालीडीह थाना, चास मुफ्फसिल, बीएससीटी, सेक्टर-4 व 12 में चोरियां कीं। आरोपी पहले रेकी करते, घर खाली पाकर चोरी करते और माल स्थानीय दुकानदारों को बेच देते हैं। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। एसपी ने कहा, इनकी गिरफ्तारी से चोरी की घटनाएं थम जाएंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित