बोकारो , फरवरी 06 -- झारखंड में बोकारो जिले के सेक्टर-12 थाना क्षेत्र के लकड़ी गोला के समीप मोहन टिंबर के पास हुए भयंकर सड़क हादसे में 26 वर्षीय युवक अंकित कुमार तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई।
एक युवती सहित दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि सभी को बोकारो जनरल अस्पताल(बीजीएच) पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने अंकित को मृत घोषित कर दिया। मृतक अंकित चास मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भोजपुर होटल में मैनेजर थे। होटल मालिक सर्वेश कुमार ने बताया कि रात करीब 1 बजे तक अंकित ड्यूटी पर थे। लगभग 2 बजे वे होटल की ही कार लेकर बाहर निकले। उनके साथ कौन-कौन सवार थे, इसकी अभी पुष्टि नहीं हो सकी है।
हादसे की सूचना मिलते ही सेक्टर-12 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार में सवार चारों लोगों को बीजीएच भेजा। घायल युवती का इलाज जारी है, जबकि दो युवकों की हालत गंभीर बनी हुई है। अंकित मूल रूप से बिहार के जमुई जिले के चकाई के निवासी थे। पुलिस शव बरामद कर अंत परीक्षण के लिए चास अनुमंडलीय अस्पताल भेजकर मामले की गहन जांच कर रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे में पलट गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित