बोकारो , जनवरी 20 -- झारखंड मे बोकारो जिले के सेक्टर-4 थाना क्षेत्र के सूर्य मंदिर के पास दर्दनाक सड़क हादसे में भेलपुरी विक्रेता 49 वर्षीय धनेश्वर यादव की मौत हो गई।
दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) की बस की चपेट में आने से वे घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिए। गुस्साए स्थानीय लोगों ने आज सड़क जाम कर दी और बस चालक की गिरफ्तारी की मांग की।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि घटना सेक्टर 4एफऔर 4जी को जोड़ने वाले रास्ते पर हुई, जब धनेश्वर शौच के लिए जा रहे थे। डीपीएस स्कूल बस की टक्कर से वे गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। खबर फैलते ही स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए। गुस्से में कुछ लोग स्कूल परिसर में घुस गए और बसों में तोड़फोड़ शुरू कर दी।
मौके पर चास सीओ और सेक्टर-4 थाना पुलिस पहुंची। उन्होंने आक्रोशित लोगों को शांत किया। प्रशासन की मौजूदगी में समझौता वार्ता हुई, जिसमें सरकार ने हीट एंड रन मामले में पीड़ित परिवार को 2 लाख रुपये मुआवजा देने का आश्वासन दिया। डीपीएस स्कूल प्रबंधन ने मृतक की पत्नी और एक पुत्र को उनकी योग्यता के अनुसार अनुबंध पर नौकरी देने का ऐलान किया। इसके बाद जाम खुल गया और मामला शांत हो गया।
डीपीएस बोकारो के प्राचार्य डॉ. ए.एस. गंगवार ने कहा, "प्रबंधन इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना से मर्माहत है। विद्यालय परिवार शोक संतप्त परिजनों के साथ खड़ा है। आउटसोर्सिंग एजेंसी हरसंभव सहायता दे रही है।" उन्होंने स्कूल परिसर में तोड़फोड़ को अनुचित, निंदनीय और विधिविरुद्ध बताया।
स्थानीय लोगों ने 2 लाख मुआवजे को नगण्य बताते हुए पीड़ित परिवार को पर्याप्त मुआवजा देने की मांग की। उन्होंने दोषी बस चालक पर सख्त कार्रवाई की मांग दोहराई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित