बोकारो , दिसंबर 22 -- झारखंड में बोकारो जिले के कसमार प्रखंड के दांतू गांव राष्ट्रीय उच्च पथ 32 पर सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल 24 वर्षीय युवक अनिल मरांडी की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि दुर्घटना दोपहर लगभग 3 बजे सोनपुरा पंचायत के सोनहर गांव निवासी अनिल मरांडी (24), पिता रतन मांझी के साथ हुई। स्थानीय लोगों का कहना है कि दांतू का यह मार्ग लगातार दुर्घटनाओं का शिकार हो रहा है, लेकिन प्रशासन ने अब तक कोई सुरक्षा उपाय नहीं किया। सोनपुरा पंचायत के मुखिया चंद्रशेखर हेंब्रम ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि इस जगह पर बार-बार हादसा होता है।

प्रशासन को तत्काल स्पीड ब्रेकर, साइन बोर्ड और अन्य सुरक्षा इंतजाम करने चाहिए, ताकि भविष्य में परिवारों को यह दर्द न झेलना पड़े। दांतू पंचायत समिति सदस्य नागेंद्र कुमार ने भी दुख जताते हुए उक्त युवक की असमय मौत को अत्यंत दर्दनाक बताया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित