बोकारो , जनवरी 12 -- झारखंड में बोकारो जिले के चिराचास थाना पुलिस ने प्रतिबिंब ऐप की सूचना पर छापेमारी कर, 6 साइबर ठग गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि इन ठगों से 13 महंगे मोबाइल, 20 हजार नकद बरामद किया गया है। चिराचास के वैष्णवी कॉम्प्लेक्स के डी ब्लॉक, फोर्थ फ्लोर स्थित एक फ्लैट पर छापेमारी में छह संदिग्ध ठग मोबाइल से फोन पर ठगी कर रहे थे। मामला धारा 318(4)/338/336(3)/3(5) बीएनएस व 66(सी)/66(डी) आईटी एक्ट 2000 के तहत दर्ज किया गया है।

थाना प्रभारी पुष्पराज कुमार के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में गिरफ्तार अभियुक्तों में मिथलेश कुमार झा (35, जमशेदपुर), रोहित आर्यन (30, शेखपुरा बिहार), गौतम कुमार (37, नालंदा बिहार), प्रिंस कुमार (26, शेखपुरा बिहार), विकास रविदास (31, नवादा बिहार) व टिंकू कुमार (24, नवादा बिहार) शामिल हैं।

इनमें से प्रिंस कुमार का अपराधिक इतिहास लंबा है-शेखपुरा व मलाईपुर थाना में आर्म्स एक्ट, बिहार प्रोहिबिशन एक्ट व भादवि की कई धाराओं में इसके खिलाफ मुकदमा दर्ज है।

छापेमारी दल में चास के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रवीण कुमार सिंह, डीएसपी रुपेंद्र कुमार राणा, तकनीकी शाखा के पुअनि विक्रम कुमार सहित 12 पुलिसकर्मी व सशस्त्र बल शामिल थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित