बोकारो , मार्च 19 -- झारखंड में बोकारो जिले के चास थाना क्षेत्र के राणा प्रताप नगर में घर की हिस्सेदारी और चहारदीवारी निर्माण को लेकर चाचा-भतीजे के बीच बुधवार को हुए विवाद में हथियार लहराने के आरोप मे पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने हथियार लहरा दिया, जिसके बाद चास थाना पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी आशुतोष राणा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना घर और छत पर 10 इंच की दीवार के निर्माण लेकर दो पट्टीदारों के बीच भड़की।
चास एसडीपीओ प्रवीण कुमार सिंह ने बताया, "विवाद के दौरान आरोपी ने अवैध देशी कट्टा सहित एक जिंदा कारतूस लहराया। हथियार का कोई लाइसेंस नहीं है, जो पूरी तरह अवैध है।" उन्होंने कहा कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पीड़ित सूरज राणा ने बताया, "घटना सीसीटीवी में कैद हो गई थी। बंटवारे में हिस्सेदारी को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की।"दूसरी ओर, आरोपी की मां ने बेटे को निर्दोष बताया। उन्होंने आरोप लगाया, "मेरा बेटा काम करता है। घटना के दिन वह पॉकेट से चश्मा निकाल रहा था, जिसे पिस्टल बता दिया गया। दूसरे पक्ष वाले हमारी जमीन हड़पना चाहते हैं।"पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। स्थानीय लोगों ने पारिवारिक विवादों में शांति बनाए रखने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित