श्रीगंगानगर , मार्च 23 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर में आरडी बर्मन फैंस क्लब की ओर से रविवार की रात आयोजित बॉलीवुड सिंगिंग नाइट श्रीगंगानगर के संगीत इतिहास में एक सुनहरा और ऐतिहासिक अध्याय साबित हुई।
यह कार्यक्रम न केवल भव्य रहा बल्कि इसने शहर और आसपास के क्षेत्रों में गीत-संगीत की दुनिया को एक नया उच्च मुकाम प्रदान कर दिया। चार घंटे से अधिक समय तक चले इस संगीतमय महोत्सव में मुंबई, चंडीगढ़, लुधियाना, जयपुर और सिरसा से पधारे मशहूर गायक-कलाकारों ने अपनी सधी हुई, मधुर और भावपूर्ण गायकी से हजारों संगीत प्रेमियों को पूरी तरह सराबोर कर दिया। स्टेज पर मौजूद करीब 20 प्रतिभाशाली साजिंदों ने हर प्रस्तुति के साथ इतनी शानदार संगत की कि पूरा ऑडिटोरियम बार-बार वाह-वाह और वन्स मोर की गूंज से भर उठा।
कार्यक्रम में म्यूजिक डायरेक्टर एवं कंपोजर संतोष कुमार कटारिया और तुलसी अनुपम के संगीत निर्देशन में मुंबई से वर्षा दत्ता, संगीता कारजोना, अक्षत पांडे, चिन्मयी चटर्जी, माजिद और प्यारे चौहान, चंडीगढ़ से तनिष्का मथारू, लुधियाना से मुकेश शर्मा, बीकानेर से सुल्तान सुलेमान और अजीतसिंह पंवार और एडवोकेट नरेश शर्मा जैसे नामचीन गायकों ने अपनी आवाज का जादू बिखेरा।
वाद्य यंत्रों पर विमल चटर्जी, चांद सुलेमानी, सुनील मौर्या, धीरज भारती, अरुण मानकोटिया, पंकज पाहवा, राहुल शाह, मिंटू देवगन, नमन शर्मा, ताहिर हुसैन, जाकिर हुसैन, असगर अली, त्रिलोक शर्मा, हिमांशु शर्मा, अंश मौर्य, कुलदीप अरोड़ा, मनोज सिंह, शौर्य मानकोटिया, राजकुमार शर्मा और शैलेंद्रसिंह चौहान जैसे कलाकारों ने शानदार संगत दी।
कार्यक्रम की शुरुआत महान संगीतकार आरडी बर्मन द्वारा संगीतबद्ध फिल्म शोले के थीम म्यूजिक से हुई। पहला हिस्सा पूरी तरह संगतकारों के नाम रहा, जिसमें भारतीय सिनेमा के सुनहरे दौर के एक से बढ़कर एक शानदार गीतों की धुनें प्रस्तुत की गईं। श्रीगंगानगर के बाल संगीतकार हिमांक गुप्ता द्वारा की-बोर्ड पर प्रस्तुत धुन को दर्शकों ने खूब सराहा। कार्यक्रम के दूसरे हिस्से में गायकों ने भारतीय सिनेमा के सुनहरे दौर के गीतों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं आरडी बर्मन फैंस क्लब के संरक्षक, विधायक जयदीप बिहाणी ने बताया कि स्थानीय पुरानी शुगर मिल वाली जगह पर बन रहे मिनी सचिवालय कैंपस में ऑडिटोरियम के निर्माण के लिए राज्य सरकार ने पाँच करोड़ रुपये जारी किए हैं। श्रीगंगानगर में गजल सम्राट जगजीतसिंह के जन्म स्थल स्मारक को जल्द ही संगीत कला केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित