नयी दिल्ली , जनवरी 27 -- सनी देओल अभिनीत फिल्म 'बॉर्डर 2' ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत करते हुए चार दिनों में कुल 239 करोड़ रुपये की कमाई की है।

उद्योगजगत के आँकड़ों का विश्लेषण करने वाली वेबसाइट सैकनिल्क की शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, फिल्म ने सोमवार को 59 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की, जिससे भारत में चार दिनों में इसकी कुल कमाई 212.4 करोड़ हो गयी।

अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी यह फिल्म शुक्रवार, 23 जनवरी को भारत में रिलीज हुई थी। इसने पहले दिन 32.10 करोड़ रुपये के साथ अपनी यात्रा शुरू की, जिसके बाद शनिवार को 36.5 करोड़ रुपये और रविवार को 54.5 करोड़ रुपये का कारोबार किया। सोमवार को इसने 59 करोड़ रुपये की कमाई की, जो अब तक की सबसे बड़ी सिंगल-डे और गणतंत्र दिवस की बॉक्स ऑफिस कमाई में से एक है।

फिल्म ने सिनेमाघरों में मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई और हिंदी पट्टी में कुल 64.27 प्रतिशत 'ऑक्यूपेंसी' हासिल की, जिसमें मॉर्निंग शो के लिए 40.39 प्रतिशत और इवनिंग शो के लिए रिकॉर्ड 79.90 प्रतिशत दर्शक शामिल थे। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हुई 27 करोड़ रुपये की कमाई को मिलाकर फिल्म की कुल वैश्विक कमाई 239.2 करोड़ रुपये हो गयी है।

हालांकि 'बॉर्डर 2' ने उल्लेखनीय शुरुआत की है, लेकिन यह अभी भी सनी देओल की ही फिल्म 'गदर 2' से पीछे है, जिसने 2023 में अपने पहले सप्ताह में 285 करोड़ रुपये बटोरे थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित