पटना , अप्रैल 26 -- राजधानी पटना में बैरिया स्थित पाटलिपुत्र बस स्टैंड में यात्रियों की सुविधा के लिए नयी व्यवस्था शुरू की जा रही है, जिससे तहत अब एक ही छत के नीचे बस स्टैंड से चलने वाले वाहनों को इलेक्ट्रिक, सीएनजी पेट्रोल एवं डीजल सभी तरह के ईंधन डलवाने के लिये जियो बीपी पंप की व्यवस्था की जा रही है। इस विषय पर जानकारी देते हुए बस स्टैंड के स्टैंडिंग कमिटी अधिकारियों ने कहा कि बुडको एवं जिला प्रशासन की टीम द्वारा नापी एवं निरीक्षण का काम किया गया है, जिससे यात्रियों एवं सवारी गाड़ियों को आसानी से ईंधन भराने के लिए उचित व्यवस्था की जा सकें। उन्होंने कहा कि बस स्टैंड में बढ़ती वाहनों की संख्या को देखते हुए पांच एकड़ जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गयी है,जिससे भविष्य में बसों की संख्या बढ़ने के बाद भी भीड़-भाड़ की परिस्थिति नहीं उत्पन्न हो।

स्टैंडिंग कमिटी सदस्यों ने कहा कि गर्मियों में यात्रियों के लिए खास निशुल्क पेयजल की व्यवस्था का विस्तार किया गया है,जिसके तहत चार प्याऊ लगाये गये है।

बस स्टैंड में चार वाटर एटीएम व्यवस्थित रूप से पूर्व ही लगाये जा चुके है। इसके अलावा शुद्ध जल के लिए 26 नलों की सुविधा भी सुचारू रूप से बहाल कर दी गयी है। वहीं स्टैंड में यात्रियों के बैठने के लिए 150 सीटों एवं पंखे की व्यवस्था की गयी है। रोजाना इस बस पड़ाव से 700-800 बसों का संचालन हो रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित