बारां , मार्च 24 -- राजस्थान में बारां-अटरू के विधायक राधेश्याम बैरवा ने मंगलवार को बारां के शहीद राजमल राजकीय जिला चिकित्सालय का मुख्य चिकित्सा अधिकारी के साथ औचक निरीक्षण करके अस्पताल में व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अस्पताल में कई खामियां सामने आईं, जिस पर श्री बैरवा ने कड़ी नाराजगी जताई। निरीक्षण के दौरान दवा वितरण व्यवस्था, मरीजों को समय पर चिकित्सा परामर्श, वार्डों की स्थिति और सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। कई स्थानों पर लापरवाही पाए जाने पर उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए व्यवस्थाओं में तुरंत सुधार के निर्देश दिए।

श्री बैरवा ने स्पष्ट कहा कि अस्पताल में आने वाले हर मरीज को बेहतर इलाज और सुविधाएं मिलना उनका अधिकार है। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने मरीजों को दवाइयां समय पर उपलब्ध कराने, चिकित्सकों के निर्धारित समय पर उपस्थित रहने और अस्पताल परिसर में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित