बैतूल , अप्रैल 10 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले की कोतवाली पुलिस ने वाहन चोरी के मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है और चोरी के 10 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ एक अपचारी बालक को भी पकड़ा है।

पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी और एसडीओपी सुनील लाटा के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक देवकरण डेहरिया की टीम ने यह सफलता प्राप्त की।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में शेख फैजान (24) और तिलक उर्फ सोम शर्मा (21) शामिल हैं, जो आर्य वार्ड क्षेत्र के निवासी हैं। पूछताछ में आरोपियों ने अपने एक नाबालिग साथी के साथ मिलकर शहर के विभिन्न इलाकों से वाहन चोरी करना स्वीकार किया।

आरोपियों द्वारा चोरी किए गए वाहनों को शहर के आसपास के जंगलों में छिपाकर रखा जाता था। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने पांच मोटरसाइकिल और पांच स्कूटी समेत कुल 10 वाहन बरामद किए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 5.10 लाख रुपये बताई गई है। इन वाहनों की चोरी की घटनाएं नवंबर 2025 से अप्रैल 2026 के बीच शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में हुई थीं। पुलिस ने पहले से दर्ज मामलों की जांच के दौरान आरोपियों तक पहुंच बनाई।

पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई में शामिल टीम की सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कृत करने की घोषणा की है। साथ ही नागरिकों से अपने वाहनों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित