बैतूल , मार्च 18 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले की कृषि उपज मंडी बडोरा में अव्यवस्थाओं और व्यापारियों को कथित प्राथमिकता दिए जाने के विरोध में भारतीय किसान संघ ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है।

संघ के पदाधिकारियों ने मंगलवार शाम से मंडी का मुख्य गेट बंद कर दिया और परिसर में रखे व्यापारियों के लगभग 40 हजार बोरे तत्काल हटाने की मांग की है। किसानों का कहना है कि मंडी प्रबंधन उनकी उपज की अनदेखी कर व्यापारियों को प्राथमिकता दे रहा है।

संघ के अनुसार 6 मार्च को दिए गए ज्ञापन पर मंडी के भारसाधक अधिकारी एवं एसडीएम डॉ. अभिजीत सिंह ने तीन दिन में समस्या के समाधान का आश्वासन दिया था, लेकिन 11 दिन बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है, जिससे नाराज होकर यह आंदोलन शुरू किया गया।

धरने के दौरान किसानों ने आरोप लगाया कि नियमों के अनुसार खरीदी के 24 घंटे के भीतर उपज को मंडी से हटाना आवश्यक है, लेकिन इसका पालन नहीं कराया जा रहा है। साथ ही व्यापारियों पर लगाए गए जुर्माने की वसूली भी लंबित है।

मंडी परिसर में बड़ी संख्या में व्यापारियों के बोरे रखे होने के कारण किसानों को अपनी उपज बाहर वाहनों में रखने को मजबूर होना पड़ रहा है, जिससे लंबी कतारें लग गई हैं और अव्यवस्था की स्थिति बनी हुई है।

धरने में संघ के विभिन्न पदाधिकारी और बड़ी संख्या में किसान शामिल हैं। संघ ने चेतावनी दी है कि जब तक व्यापारियों के सभी बोरे नहीं हटाए जाते, तब तक धरना जारी रहेगा और जरूरत पड़ने पर मंडी में खरीदी भी बाधित की जा सकती है।

धरना शुरू होने के कई घंटे बाद तक मंडी सचिव के किसानों से चर्चा के लिए नहीं पहुंचने से नाराजगी और बढ़ गई है। मौजूदा हालात को देखते हुए बुधवार को मंडी में नीलामी प्रभावित होने की संभावना जताई जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित