बैतूल , मार्च 19 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस पेट्रोल पंप से पेट्रोल की हेराफेरी कर अवैध रूप से बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़ कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार 17 मार्च को पुलिस पेट्रोल पंप में पदस्थ प्रधान आरक्षक सुखलाल उइके ने थाना गंज में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि इंडियन ऑयल डिपो इटारसी से पेट्रोल-डीजल लाने वाले टैंकर चालक रामपाल पन्द्राम और परिचालक राकेश पन्द्राम ने पूरा ईंधन टैंक में नहीं डाला और करीब 2560 लीटर पेट्रोल अपने कब्जे में रख लिया।
मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई और वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान मिली सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया गया, जिन्होंने पूछताछ में पेट्रोल को अवैध रूप से बेचने के लिए अन्य आरोपियों को सौंपने की बात स्वीकार की।
इसके बाद पुलिस ने खाखरापुरा गांव में दबिश देकर कमलेश बेलवंशी और पप्पू उर्फ विजय उइके को भी गिरफ्तार कर लिया। मौके से एक महिन्द्रा पिकअप वाहन और आठ प्लास्टिक टंकियों में भरा कुल 2005 लीटर पेट्रोल बरामद किया गया, जिसकी कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से अपील की है कि पेट्रोल-डीजल की हेराफेरी या अवैध व्यापार की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित