बैतूल , दिसंबर 18 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में एक नाबालिग की रॉड, फावड़े, पत्थर और लाठियों से बेरहमी से पिटाई से मौत हो गई।

गंभीर रूप से घायल नाबालिग को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कल देर रात उसने दम तोड़ दिया। मरने से पहले उसने पुलिस को बयान देकर पूरी घटना का खुलासा किया।

गंज थाना पुलिस सूत्रों ने बताया कि काला पाठा निवासी विवेक मरकाम (17) दो दिन पहले सागौन बाबा दरबार में पूजा कर रहा था। इसी दौरान अनिकेत ठाकुर 10 से 15 साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और विवेक को जबरन उठाकर ले गया। इसके बाद सभी आरोपियों ने उस पर जानलेवा हमला किया। हमले में विवेक के सिर, हाथ और पैरों सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। मारपीट के दौरान वह बेहोश हो गया। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई।

डॉक्टरों के अनुसार, विवेक के शरीर पर कई गहरे घाव थे। बुधवार देर रात उसकी मौत हो गई। विवेक की मां शिक्षिका हैं, जबकि पिता वन विभाग में कार्यरत हैं।

मृतक ने दम तोड़ने से पहले पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसे जबरन उठाकर ले जाया गया और एक साथ कई लोगों ने उस पर हमला किया। पुलिस जांच में सामने आया है कि विवेक और मुख्य आरोपी अन्नू ठाकुर के बीच पुरानी रंजिश थी।

बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले भग्गू ढाना क्षेत्र में हुई एक नाबालिग की हत्या के मामले में विवेक आरोपी था। वहीं, अन्नू ठाकुर पर भी विवेक द्वारा पूर्व में हमले का आरोप लग चुका था। इसी विवाद के चलते वारदात को अंजाम देने की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी अन्नू ठाकुर पूर्व में राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत आरोपी रह चुका है और फिलहाल हाईकोर्ट से जमानत पर बाहर है। इस मामले में अन्नू ठाकुर, कृपाल, रोहित और 4-5 अन्य आरोपियों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित