बैतूल , फरवरी 02 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के दामजीपुरा गांव में एक पशु से दुष्कर्म से जुड़े कथित वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
इसी बीच कल यहां साम्प्रदायिक तनाव की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक महेंद्र सिंह चौहान सहित प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। जिला पंचायत सीईओ व प्रभारी कलेक्टर अक्षत जैन, पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन, एसडीएम और तहसीलदार ने गांव में मंदिर परिसर में ग्रामीणों से बैठक कर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया। अधिकारियों ने लोगों से संयम बनाए रखने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने बताया कि फिलहाल हालात नियंत्रण में हैं और एहतियात के तौर पर गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
उन्होंने बताया कि 1 फरवरी को फरियादी चंचल सिंह राजपूत (29) ने थाना मोहदा में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि ग्राम दामजीपुरा में एक व्यक्ति द्वारा गाय के साथ अमानवीय कृत्य किया गया है, जिसका वीडियो भी सामने आया है। रिपोर्ट के आधार पर आरोपी हबीब पिता यूसुफ खान (50) निवासी ग्राम दामजीपुरा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 299 एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित