बैतूल , मई 02 -- मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत जिले में मकान सूचीकरण और गणना कार्य तेज गति से जारी है।
प्रशासन ने फील्ड स्तर पर कार्यों की गुणवत्ता और डेटा की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए निगरानी बढ़ा दी है। सभी 21 चार्ज क्षेत्रों में प्रगणक और पर्यवेक्षक सक्रियता से हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन कर रहे हैं, जिसमें मकानों की पहचान, नंबरिंग और ड्राफ्ट ले-आउट मैप तैयार किया जा रहा है।
कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनगणना कार्य में सटीकता सर्वोपरि रहे। उन्होंने जिला और चार्ज अधिकारियों को नियमित रूप से फील्ड में जाकर निरीक्षण करने और मौके पर समस्याओं का समाधान करने को कहा है।
इसी क्रम में अतिरिक्त जनगणना अधिकारी नरेंद्र गौतम, जिला प्रभारी भरत गौर और तकनीकी प्रभारी आशीष वागद्रे ने नगरीय चार्ज बैतूल के विनोबा वार्ड का दौरा कर कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान प्रगणक रचना करोचे द्वारा किए जा रहे कार्य की समीक्षा की गई और डेटा की शुद्धता बनाए रखने के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए।
प्रशासन का लक्ष्य है कि जनगणना कार्य पारदर्शी, त्रुटिरहित और समयबद्ध तरीके से पूरा हो।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित