बैतूल , अप्रैल 02 -- मध्यप्रदेश के कई हिस्सों में मौसम में अचानक बदलाव के चलते बैतूल जिले के कई हिस्सों में बुधवार को तेज बारिश और आंधी-तूफान का असर देखने को मिला।
जहां एक ओर घोड़ाडोंगरी और रानीपुर में झमाझम बारिश ने गर्मी से राहत दी, वहीं देवठान गांव में आए चक्रवाती तूफान ने भारी तबाही मचाई।
जानकारी के मुताबिक, घोड़ाडोंगरी क्षेत्र में शाम के समय करीब एक घंटे तक तेज बारिश हुई। इसी तरह रानीपुर में भी अचानक मौसम बदला और गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। बारिश से तापमान में गिरावट आई और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। हालांकि, तेज हवाओं और बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है।
रानीपुर में शाम को तेज अंधड़ के साथ धूल भरी हवाएं चलीं, जिससे जनजीवन कुछ समय के लिए प्रभावित रहा। इसके बाद बिजली की कड़कड़ाहट के साथ रुक-रुक कर बारिश होती रही। इस दौरान खेतों में कटकर रखी गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचा है।
वहीं, बैतूल शहर में दिनभर बादल छाए रहे और हल्की बूंदाबांदी हुई, लेकिन तेज बारिश नहीं हुई। ठंडी हवाओं के चलते मौसम सुहावना हो गया।
इधर, बैतूल जनपद के ग्राम देवठान में शाम करीब 6 बजे आए तेज अंधड़, बारिश और चक्रवाती तूफान ने व्यापक नुकसान पहुंचाया। ग्रामीणों के अनुसार, तेज हवाओं से कई मकानों की छतें उड़ गईं और खेतों में कटाई के लिए रखी गेहूं की फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई। सब्जी फसलों, खासकर टमाटर को भी भारी नुकसान हुआ है।
तूफान के कारण बिजली के पोल क्षतिग्रस्त हो गए और तार टूटने से पूरे गांव में बिजली आपूर्ति ठप हो गई, जिससे अंधेरा छा गया। अचानक आई इस आपदा से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित