बैतूल , अप्रैल 18 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में मुनगा (सहजन) पत्ती उत्पादन योजना के नाम पर किसानों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले मुख्य आरोपी को कोतवाली पुलिस ने इंदौर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है, जबकि मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार वर्ष 2017-18 में जिला पंचायत भवन में आयोजित एक बैठक में किसानों को इंदौर स्थित एक निजी कंपनी के माध्यम से मुनगा के पौधे उपलब्ध कराने और उनके उत्पाद की खरीदी का लालच दिया गया था। योजना के तहत प्रत्येक पौधा 20 रुपये में उपलब्ध कराने और पांच वर्षों तक देखरेख व खरीदी सुनिश्चित करने का दावा किया गया।
इस योजना के नाम पर किसानों से 20-20 हजार रुपये कंपनी के खाते में जमा कराए गए। प्रारंभ में कुछ किसानों को पौधे दिए गए, लेकिन बाद में शेष किसानों के साथ धोखाधड़ी कर आरोपी फरार हो गए।
मामले में थाना कोतवाली में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। विवेचना के दौरान मुख्य आरोपी मयूर जोशी, निवासी विजय नगर इंदौर को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया गया। इससे पूर्व प्रकरण में उद्यानिकी विभाग की तत्कालीन अधिकारी को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित