बैतूल , अप्रैल 04 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में बैतूल-नागपुर फोरलेन पर शनिवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में 19 वर्षीय युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार अंबाड़ा निवासी अमन गुजरे मोटरसाइकिल से मुलताई की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बानुर खापा निवासी 19 वर्षीय रोशनी ने उनसे मुलताई तक जाने के लिए लिफ्ट ली। दोनों जैसे ही ससुन्द्रा चेक पोस्ट के पास पहुंचे, तेज रफ्तार से आ रहे एक आईसर वाहन ने बाइक को साइड से टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई और दोनों सवार दूर जा गिरे। हादसे में युवती को चेहरे पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवक के सिर में गंभीर चोट आई है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर एनएचएआई की एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल युवक को जिला अस्पताल बैतूल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही माना जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित