बैतूल , अप्रैल 3 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में किसानों को झांसा देकर उनके ट्रैक्टर हड़पने और महाराष्ट्र में बेचने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 26 लाख रुपये मूल्य के चार ट्रैक्टर भी बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र कुमार जैन के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी और एसडीओपी भैंसदेही भूपेन्द्र सिंह मौर्य के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम ने आरोपियों को पकड़ा।

मामले की शुरुआत 7 फरवरी 2026 को हुई, जब किसानों ने भैंसदेही थाने में शिकायत दर्ज कराई कि आरोपी ट्रैक्टर को महाराष्ट्र में चलाने का झांसा देकर ले गए और बाद में उन्हें बेच दिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने राजेश विजयकर (43) निवासी कौडीढाना, भैंसदेही तथा योगेश पाटिल उर्फ उमेश खरण (45) निवासी जिला अमरावती (महाराष्ट्र) को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चार ट्रैक्टर बरामद किए हैं, जिनमें दो सोनालिका कंपनी के और दो मैसी कंपनी के ट्रैक्टर शामिल हैं। बरामद वाहनों की कुल कीमत लगभग 26 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरोह के सदस्य किसानों को विश्वास में लेकर ट्रैक्टर किराए पर लेने का झांसा देते थे और बाद में उन्हें दूसरे राज्य में बेच देते थे। मामले में तीन अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश सातनकर, उपनिरीक्षक आशीष कुमरे, एएसआई बलीराम बम्नेले सहित पुलिस टीम और साइबर सेल के कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने किसानों से अपील की है कि वे अपने कृषि यंत्र या वाहन किसी को भी देने से पहले उसकी पूरी जानकारी और सत्यापन अवश्य करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित