बैतूल , फरवरी 22 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में हुए चर्चित ट्रिपल मर्डर मामले के आरोपी दीपक धुर्वे को आज कड़ी सुरक्षा के बीच ग्वालियर स्थित मानसिक आरोग्य केंद्र भेजा गया। पुलिस के अनुसार आरोपी हिरासत में भी असामान्य और उग्र व्यवहार कर रहा था तथा बार-बार चिल्लाकर स्वयं को "दैत्य" बता रहा था।

पुलिस ने बताया कि आरोपी को नियंत्रित करने के लिए चिकित्सकीय परामर्श से नींद का इंजेक्शन देना पड़ा। उसे 11 पुलिसकर्मियों की टीम की निगरानी में ग्वालियर रवाना किया गया। हिरासत के दौरान उसने पुलिसकर्मियों पर हमला करने का भी प्रयास किया था। मानसिक असंतुलन की आशंका के चलते चिकित्सकीय परीक्षण और उपचार के लिए उसे मानसिक आरोग्य केंद्र भेजा गया है।

यह घटना 19 फरवरी को बैतूल जिले के सांवगा गांव में सामने आई थी। सूचना मिलने पर पुलिस जब राजू उर्फ हंसू धुर्वे के घर पहुंची तो अंदर तीन लोगों के शव पड़े मिले। मृतकों की पहचान राजू धुर्वे, उनकी पत्नी कमलती धुर्वे और पुत्र दिलीप धुर्वे के रूप में हुई। एक पांच वर्षीय बालक घर के भीतर जीवित मिला। पुलिस जांच में सामने आया कि तीनों की हत्या आरोपी दीपक धुर्वे ने की।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने हत्या करना स्वीकार किया है, हालांकि घटना के कारणों की विस्तृत जांच जारी है। ग्रामीणों और परिजनों ने बताया कि पिछले कुछ महीनों से उसका व्यवहार बदला हुआ था और वह मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। परिजनों द्वारा उसका उपचार भी कराया गया था। फिलहाल आरोपी का मानसिक परीक्षण ग्वालियर में कराया जा रहा है। परीक्षण रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित