बैतूल , फरवरी 21 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के सावंगा गांव में हुए दिल दहला देने वाले ट्रिपल मर्डर के बाद नर्मदापुरम रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) मिथिलेश कुमार शुक्ला और कमिश्नर केजी तिवारी घटनास्थल पर पहुंचे।
उनके साथ कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी और पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने सबसे पहले उस घर का निरीक्षण किया, जहां आरोपी दीपक धुर्वे ने अपने ही परिवार के तीन लोगों की निर्मम हत्या कर दी थी। फोरेंसिक साइंस टीम से अधिकारियों ने जांच की प्रगति और अब तक मिले साक्ष्यों की विस्तृत जानकारी ली।
इसके बाद अधिकारियों ने गांव के लोगों से बातचीत की। ग्रामीणों ने बताया कि धुर्वे परिवार लंबे समय से गांव में अलग-थलग रहता था। परिवार का ज्यादा सामाजिक संपर्क नहीं था और उनका व्यवहार भी सामान्य से अलग माना जाता था। ग्रामीणों की आवाज में डर, दुख और अफसोस साफ झलक रहा था। कई लोगों ने कहा कि अगर समय रहते मानसिक स्थिति पर ध्यान दिया जाता, तो शायद यह दर्दनाक घटना टाली जा सकती थी।
कमिश्नर और आईजी ने ग्राम कोटवार और पुलिस अमले से भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने आरोपी दीपक धुर्वे की मानसिक स्थिति को लेकर जानकारी ली और यह समझने की कोशिश की कि आखिर किन परिस्थितियों ने उसे इतना बड़ा कदम उठाने पर मजबूर किया। अधिकारियों ने इस घटना को केवल एक अपराध नहीं, बल्कि समाज के लिए एक गंभीर चेतावनी बताया। उन्होंने कहा कि मानसिक रोगों को नजरअंदाज करना भविष्य में और भी खतरनाक परिणाम दे सकता है।
इस बीच पुलिस ने आरोपी दीपक धुर्वे को ग्वालियर स्थित विशेष जेल भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। टीआई देवकरण डहरिया ने बताया कि आरोपी का जेल वारंट तैयार कर लिया गया है और जेल प्रशासन से समन्वय के बाद उसे वहां भेजा जाएगा, जहां मानसिक रोगी कैदियों के इलाज और निगरानी की विशेष व्यवस्था है। इसके लिए पुलिस की एक टीम गठित की गई है, जो आरोपी को सुरक्षित तरीके से ग्वालियर लेकर जाएगी।
पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने बताया कि फिलहाल आरोपी को जिला अस्पताल में रखा गया है, जहां उसकी चिकित्सकीय जांच और अन्य आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं। इसके बाद उसे विशेष जेल में स्थानांतरित किया जाएगा। जेल प्रशासन आगे तय करेगा कि उसे मानसिक स्वास्थ्य संस्थान में उपचार के लिए भेजा जाए या जेल में ही निगरानी में रखा जाए।
दीपक धुर्वे ने दो दिन पहले अपने माता-पिता और बडे भाई की हत्या कर दी थी। उसका पांच साल का भांजा इस घटना में बुरी तरह घायल है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नृशंस हत्या के दौरान आरोपी ने घर की पालतू बिल्ली की भी हत्या कर दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित