नयी दिल्ली , दिसंबर 06 -- बैंक ऑफ बड़ौदा ने कर्ज पर ब्याज की अपनी मुख्य दर 0.25 प्रतिशत कम कर दी है। सार्वजनिक क्षेत्र का यह बैंकिंग प्रतिष्ठान रिजर्व बैंक की रेपो दर में इसी स्तर की कमी के बाद कर्ज सस्ता करने की घोषणा करने वाले पहले प्रमुख बैंकों में शामिल हो गया है।
बैंक ऑफ बड़ौदा की शनिवार को जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है, "यह आप की जानकारी के लिए है कि भारतीय रिजर्व बैंक की नीतिगत रेपो दर कम करने के बाद देश के बड़े सार्वजनिक बैंकों में से एक बैंक ऑफ बड़ौदा ने 06 दिसंबर 2025 से अपने बड़ौदा रेपो-सम्बद्ध ऋण की ब्याज दर (बीआरएलएलआर) में 25 आधार अंक (0.25 प्रतिशत) की कटौती की है। बैंक का बीआरएलएलआर अब 7.90 प्रतिशत है।"विज्ञप्ति में कहा है कि बीआरएलएलआर में इस बदलाव के साथ बैंक ऑफ बड़ौदा ने रिजर्व बैंक की नीतिगत दर में कटौती का पूरा फायदा अपने रेपो-सम्बद्ध ऋण पर ब्याज दर के जरिये उधार लेने वाले अपने ग्राहकों को दे दिया है।
उल्लेखनीय है कि रिजर्व बैंक ने शुक्रवार को अपनी रेपो दर को 5.50 प्रतिशत से घटा कर 5.25 कर दिया है तथा बैंकों के पास कर्ज के लिए नकदी की मात्रा बढ़ाने के उपाय के तहत इस महीने खुले बाजार में एक लाख करोड़ रुपये की सरकारी प्रतिभूतियों की खरीद की घोषणा की है।
इससे पहले सरकारी क्षेत्र के बैंक ऑफ इंडिया और इंडियन बैंक ने शुक्रवार को रिजर्व बैंक की नीतिगत घोषणा के कुछ ही घंटे के अंदर रेपो आधारित अपनी ऋण दर में 25-25 आधार अंकों की कमी कर क्रमश: 8.10 प्रतिशत और 7.95 प्रतिशत किये जाने की घोषणा की।
इस बीच, देश के सबसे बड़े ऋणदाता भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के चेयरमैन सी.एस. सेट्टी ने रिजर्व बैंक के मौद्रिक उपायों पर शनिवार को टिप्पणी करते हुए कहा, "आरबीआई की दिसंबर 2025 की मौद्रिक नीति ने एक साफ और भरोसे वाला संदेश दिया है कि भारतीय अर्थव्यवस्था मजबूत स्थिति में है, जिसमें सशक्त आर्थिक वृद्धि के साथ-साथ इस समय महंगाई भी कम है। आरबीआई का 2025-26 के लिए जीडीपी वृद्धि का पूर्वानुमान पहले के 6.8 प्रतिशत से बढ़ाकर 7.3 प्रतिशत करना यह दिखता है कि केंद्रीय बैंक अर्थव्यवस्था को लेकर आश्वस्त है। रेपो दर में कटौती करने का फैसला, साथ ही भविष्य में और कटौती की गुंजाइश के लिए दरवाजा खुला रखने से अर्थव्यवस्था को अचानक आने वाले संभावित झटकों या बाहरी मुश्किलों से बचाने में मदद मिलती है।"श्री सेट्टी की राय में आरबीआई का यह नीतिगत कदम "लंबे समय तक, और अधिक वृद्धि " की रणनीति की निवेश, कर्ज और उपभोग तक फैली बुनियाद को मजबूत करने वाला है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित