मुंबई , अप्रैल 09 -- विदेशों से मिले नकारात्मक संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजारों में गुरुवार को बैंकिंग एवं वित्तीय कंपनियों में बिकवाली हावी रही और बीएसई का सेंसेक्स 931.25 अंक (1.20 प्रतिशत) टूटकर 76,631.65 अंक पर बंद हुआ।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 222.25 अंक यानी 0.93 प्रतिशत नीचे 23,775.10 अंक पर आ गया।
पिछले कारोबारी दिवस पर सेंसेक्स में तकरीबन चार प्रतिशत की तेजी के बाद आज हुई मुनाफा वसूली से प्रमुख सूचकांक गिरावट में रहे। हालांकि कुल मिलाकर निवेश धारणा मजबूत रही।
मझौली और छोटी कंपनियों के सूचकांक बढ़त में रहे। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.22 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.17 प्रतिशत चढ़ा।
बैंकिंग और वित्तीय कंपनियों पर सबसे अधिक दबाव देखा गया। ऑटो, तेल एवं गैस, रियलटी, एफएमसीजी और टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद समूहों के सूचकांक भी टूट गये। धातु, फार्मा, स्वास्थ्य और आईटी सेक्टरों में तेजी रही।
सेंसेक्स की कंपनियों में इंडिगो का शेयर साढ़े तीन प्रतिशत से अधिक की गिरावट में बंद हुआ। एलएंडटी, इटरनल, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर दो से तीन प्रतिशत के बीच टूटे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित