धमतरी , मार्च 18 -- छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पिछले दो दिनों से हो रही बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। मौसम की मार से कई क्षेत्रों में फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। स्थिति को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने तत्काल सर्वे कराने के निर्देश दिए हैं।

कलेक्टर के निर्देश पर राजस्व और कृषि विभाग की संयुक्त टीमों का गठन कर प्रभावित क्षेत्रों में सर्वे कार्य शुरू कर दिया गया है। टीम द्वारा खेत-खेत जाकर नुकसान का आकलन किया जा रहा है, ताकि वास्तविक स्थिति सामने आ सके।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन किसानों की फसलों को नुकसान हुआ है, उन्हें फसल बीमा योजना के तहत मुआवजा दिया जाएगा। इसके लिए सर्वे रिपोर्ट के आधार पर पात्र किसानों की सूची तैयार की जाएगी और जल्द ही राहत राशि वितरण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सर्वे कार्य में पारदर्शिता और तेजी सुनिश्चित की जाए, ताकि प्रभावित किसानों को समय पर राहत मिल सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित