चित्तौड़गढ़ , फरवरी 02 -- राजस्थान में चित्तौड़गढ़ जिले में रविवार रात हुई बे मौसम बरसात एवं ओलावृष्टि के कारण अफीम, गेहूं, सरसों सहित अन्य फसलों में बड़ा नुकसान होने के बाद कृषि विभाग ने प्रभावित किसानों से फसल बीमा योजना के तहत आवेदन करने का आग्रह किया है।

कृषि विभाग के उप निदेशक डॉक्टर शंकरलाल जाट ने सोमवार को बताया कि रविवार रात को चित्तौड़गढ़ जिले के कई क्षेत्रों में बरसात एवं ओलावृष्टि हुई है और यह ओलावृष्टि एक पट्टी के रूप में रही है। विजयपुर घाटा क्षेत्र में उदपुरा सहित अन्य गांव में नुकसान की बात सामने आई है। इसके अलावा कनेरा घाट क्षेत्र में भी ओलावृष्टि से अफीम के खेतों में नुकसान हुआ है। वहीं बेगूं से आगे बोराव एवं रावतभाटा क्षेत्र में ओलावृष्टि की सूचना है।

उन्होंने बताया कि संबंधित कृषि अधिकारियों को अपने क्षेत्र में हुई फसल खराबे का सर्वेक्षण करवा कर रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिये गये हैं। इस रिपोर्ट को आगे भेजा जाएगा। जिन क्षेत्रों में बरसात हुई है उन क्षेत्रों में तो खेती को लेकर फायदा हुआ है।

श्री जाट ने बताया कि गेहूं, सरसों, चना आदि में सिंचाई हो गई है। पैदावार अच्छी होगी, लेकिन जहां ओलावृष्टि हुई है उसमें अफीम सहित अन्य फसलों में नुकसान हुआ है। अफीम की फसल में भी जहां डोडे बड़े हैं वहां नुकसान अधिक है। इस संबंध में सर्वेक्षण करवाया जा रहा हैं।

उन्होंने कहा कि अफीम किसान नुकसान को लेकर नारकोटिक्स विभाग के अधिकारियों को सूचना दें। अफीम की फसल को नारकोटिक्स विभाग देखता है। वहीं अन्य फसलों में अगर नुकसान है और किसानों ने बीमा करवा रखा है तो नियमानुसार आवेदन करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित