बेमेतरा , अप्रैल 27 -- छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में सोमवार को कृषि आदान (खाद, बीज एवं कीटनाशक) व्यापारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया और जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अग्रो अग्रो इनपुट डीलर्स संगठन (एसआईडीए) के बैनर तले जिले के व्यापारियों ने एकजुट होकर अपनी समस्याओं को लेकर विरोध दर्ज कराया। व्यापारियों का कहना है कि वे पिछले करीब दस वर्षों से कई गंभीर समस्याओं का सामना कर रहे हैं लेकिन शासन-प्रशासन को बार-बार अवगत कराने के बावजूद अब तक कोई ठोस समाधान नहीं हुआ है।

व्यापारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में एक दिन की सांकेतिक हड़ताल भी की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को आगे और उग्र रूप दिया जाएगा।

ज्ञापन में व्यापारियों ने खाद के साथ जबरन लिंकिंग व्यवस्था पर रोक लगाने, एफओआर प्रणाली के तहत सीधे दुकानों तक खाद आपूर्ति सुनिश्चित करने, डीलर मार्जिन बढ़ाकर न्यूनतम आठ प्रतिशत करने तथा 'साथी' पोर्टल को ग्रामीण विक्रेताओं के लिए वैकल्पिक बनाने की मांग की है। इसके अलावा अवैध बीज विक्रेताओं पर कार्रवाई, एक्सपायर्ड स्टॉक की वापसी, लाइसेंस प्रक्रिया सरल करने और शिकायतों का 21 दिनों के भीतर निराकरण सुनिश्चित करने की भी मांग की गई है।

व्यापारियों ने प्रशासन के माध्यम से अपनी मांगें राज्य और केंद्र सरकार तक पहुंचाते हुए जल्द समाधान की अपेक्षा जताई है।

इस संबंध में एआईडीए के अध्यक्ष सिद्दीक खान और सचिव अश्वनी बंजारे ने कहा कि यदि समस्याओं का निराकरण नहीं हुआ, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित