हरारे , जनवरी 21 -- बेन मेयस (191) और जोसेफ मूर्स (81) की शानदार आतिशी पारियों की बदौलत इंग्लैंड ने बुधवार को अंडर-19 विश्वकप के 17वें मुकाबले में स्कॉटलैंड के खिलाफ छह विकेट पर 404 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।

आज यहां स्कॉटलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत खराब रही और उसने 12 के स्कोर पर अपना पहला विकेट गंवा दिया। बेन डॉकिन्स (पांच) को फिनले जोन्स ने आउट किया।

इसके बाद बल्लेबाजी करने आये बेन मेयस ने जोसेफ मूर्स के साथ पारी को संभाला और तेजी के साथ रन बटोरे। दोनों बल्लेबाजों के बीच दूसरे विकेट के लिए 188 रनों की साझेदारी हुई। 25वें ओवर में फिनले जोन्स ने शतक की ओर बढ़ रहे जोसेफ मूर्स को अपना शिकार बना लिया। जोसेफ मूर्स ने 65 गेंदों में पांच चौके और चार छक्के उड़ाते हुए 81 रनों की पारी खेली। कप्तान थॉमस रेव (22) और कैलेब फाल्कनर (32) रन बनाकर आउट हुये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित