बेतिया , फरवरी 03 -- बिहार में पश्चिमी चंपारण जिले के कुमारबाग थाना क्षेत्र के एक गांव से सोमवार की दोपहर पांच नाबालिग लड़कियों के लापता होने का मामला सामने आया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, लापता लड़कियां सोमवार को करीब 11 बजे अपने-अपने घरों से कपड़ा सिलवाने, खेत में घास काटने और साग खोटने की बात कहकर निकली थीं। उनके देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने अपने स्तर से खोजबीन शुरू की। परिजनों ने पड़ोसियों, रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में काफी तलाश की, लेकिन लड़कियों के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिल सकी।

इसके बाद देर शाम सभी परिजन कुमारबाग थाना पहुंचे और लिखित आवेदन देकर घटना की सूचना दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकी दर्ज कर ली और खोज अभियान शुरू किया है। सब डिविजिनल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) विवेक दीप घटना की जानकारी मिलते ही रात के समय आठ बजे गांव पहुंचे और लापता नाबालिगों के परिजनों तथा स्थानीय लोगों से विस्तृत पूछताछ की। उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि पुलिस हर संभव प्रयास कर रही है और लड़कियों को जल्द बरामद किया जायेगा।

एसडीपीओ ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और नाबालिग लड़कियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें गठित की गई हैं। संभावित स्थानों और मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इसके साथ ही तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचनाओं के आधार पर भी जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि फिलहाल कोई ठोस सफलता नहीं मिली है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित