भरतपुर , दिसम्बर 28 -- राजस्थान में डीग में गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म के आवास पर पिछले दिनों फरियादियों के साथ उनके पुत्र द्वारा कथित तौर पर की गयी मारपीट का मामला रविवार को जाट समुदाय की महापंचायत में गरमा गया।

तनाव भरे हालात के मद्देनजर पंचायत में मौजूद पुलिस अधिकारियों को निष्पक्ष जांच का आश्वासन देना पड़ा। प्राप्त जानकारी के अनुसार गत दिनों मंत्री के सुरक्षाकर्मी द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी के विरोध में रविवार को बहज गांव में जाट समाज की पंचायत हुई। पंचायत में पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई करने और मंत्री पुत्र को बचाने का आरोप लगाते कहा गया कि घटना के बाद पुलिस ने पीड़ित परिवार के सदस्यों को कई दिनों तक थाने में बिठाए रखा, जबकि दूसरे पक्ष पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ित परिवार जब पुलिस महानिरीक्षक से मिलने भरतपुर गया तो पुलिस ने उनका पीछा किया।

सूत्रों ने बताया कि पंचायत में पुलिस अधिकारियों से दोनों पक्षों के खिलाफ निष्पक्ष जांच, मंत्री पुत्र और उसके साथियों द्वारा कथित धमकी का अलग मामला दर्ज करने, थाने में महिला से अभद्रता के लिए माफी मांगने और दूसरे पक्ष की गिरफ्तारी तक पीड़ित परिवार के किसी सदस्य को गिरफ्तार न करने की मांग की गई, जिस पर पुलिस अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया, जिसके बाद पंचायत स्थगित कर दी गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित